News24Bihar:
सारण : इसुआपुर बाजार के उत्तरी छोर पर बुधवार की अहले सुबह बालू लदी ओवरलोडेड ट्रक ने बाइक चालक को बुरी तरह कुचल दिया। इस दौरान शव के दो टुकड़े हो गए। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार उनका 4 वर्षीय पोता सड़क किनारे दूर जा कर फेंका गया। जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि घायल अवस्था में उसका इलाज इसुआपुर सीएचसी में चल रहा है। मृतक इसुआपुर गांव के अंबिका साह कैटरर हलवाई का काम करते थे। वे एक लोकप्रिय हास्य कलाकार भी थे। बताया जा रहा है कि वे सुबह 5 बजे साइकिल से अपने पोते विकास कुमार के साथ ताजी मछली लेने के लिए बेला गांव गए थे। जहां से मछली लेकर लौटने के दौरान आतानगर मोड़ से जैसे ही मुख्य सड़क पर उत्तर की तरफ घूमे की सड़क निर्माण के दौरान काटे गए सड़क पर उनका संतुलन बिगड़ गया। जिससे उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई। इस दौरान वे पक्की सड़क पर ही गिर पड़े। जबकि उनका पोता फेंका कर सड़क किनारे जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रही बालू लदी ओवरलोडेड ट्रक की चपेट में हलवाई अंबिका प्रसाद आ गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। वहीं सड़क किनारे गिरे घायल पोते को लोग इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा ले गए। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बांस बल्ले लगाकर छपरा-सत्तरघाट एसएस 90 मुख्य सड़क को जाम कर दिया। वहीं स्थानीय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। लोगों का गुस्सा सड़क निर्माण कंपनी पर भी फूट रहा था। उनका कहना था कि छपरा- सत्तरघाट सड़क के रिपेयरिंग के दौरान ठेकेदार ने पहले एक ही बार में छपरा से मसरख तक सड़क को बेढ़ंगे तरीके से काट दिया है। जिससे आए दिन खासकर मोटरसाइकिल चालक फिसल कर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। उनका यह भी कहना था कि सड़क मरम्मत के दौरान थोड़ी थोड़ी दूरी पर सड़क को तोड़कर पुनः उसका निर्माण करके ही आगे बढ़ा जाता तो आए दिन हो रही दुर्घटनाएं नहीं होती।
स्थानीय प्रशासन पर लोगों ने उतारा गुस्सा
घटनास्थल पर इसुआपुर प्रखंड की बीडीओ नीलिमा सहाय तथा थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को आते देख आक्रोशित लोग भड़क गए। जिन्हें भला बुरा कह कर लोगों ने वहां से भगा दिया। आक्रोशित लोग डीएम व एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। हालांकि घटना के 5 घंटे बाद अनुमंडलाधिकारी मढ़ौरा योगेंद्र कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा जाम स्थल पहुंचे। वहीं स्थानीय बुद्धिजीवियों के सहयोग से मृतक के आश्रितों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। तब जाकर 11 बजे के बाद यातायात को बहाल कराया जा सका। वहीं पुलिस ने ट्रक तथा खलासी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक जनक सिंह ने पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दिया तथा उनका ढाढस बंधाया। साथ ही दस हजार रुपए आर्थिक सहायता भी की। वहीं पंचायत के पूर्व मुखिया राजकिशोर सिंह ने भी निजी तौर पर पांच हजार रुपए मृतक के आश्रित को दिया।
परिजनों का रो-रो के हाल है बुरा
जैसे ही हृदय विदारक इस घटना की जानकारी परिजनों को मिली उनके होश उड़ गए। उनके रुदन क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। पत्नी कौशल्या देवी पुत्र संजय और विजय पुत्री रेणु देवी, बबीता देवी तथा ललिता देवी छाती पीट-पीटकर रो रही थीं। मृतक का एक पुत्र अजय साह पिछले दो-तीन महीने से लापता है।जिसका 4 वर्षीय पुत्र बाबा अंबिका प्रसाद के साथ ही रह रहा था। जो आज दुर्घटना में बाल-बाल बच गया।
हास्य कलाकार थे अंबिका भाई
अपने हास्य कला से सबको हंसाने वाले अंबिका भाई बुधवार को सबको रुला कर सदा के लिए इस दुनिया से चले गए। पिछले पांच दशकों से विभिन्न पर्व त्योहारों जैसे मौके पर आयोजित नाटक ड्रामे में अंबिका साह हास्य कलाकार का रोल करते थे। जिनकी कला से लोग हंसते हंसते लोटपोट हो जाते थे। शरीर से मोटे तगड़े वे कुंभकरण का रोल भी अच्छा कर लेते थे। वे धोती में लालटेन बांधकर जैसे ही रंग मंच पर आते थे कि तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दर्शक बिल्कुल शांत होकर उनकी हास्य कलाकृति देखने और सुनने को उत्सुक होते थे।

0 Comments