छपरा ग्रामीण।
हिंदी के प्रमुख साहित्यकारों की पत्रकरिता पुस्तक का लोकार्पण राजेन्द्र जयंती समारोह के मंच से किया गया। जिसका लोकार्पण कला संस्कृति व युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, पूर्व मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह, कुलपति प्रो केसी सिन्हा, प्रो रमेशचंद्र सिन्हा, प्रो ज्योति वर्मा,कुलसचिव डॉ रंजीत कुमार आदि द्वारा किया गया। राजेन्द्र कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ अशोक कुमार द्वारा लिखित यह पुस्तक एमए के पाठ्यक्रम के अनुसार है। इसके पूर्व एमए हिंदी में पत्रकारिता की पढ़ाई एक पत्र के रूप में नही होती थी। वर्ष 2000 के बाद इसे पाठ्यक्रम में समाहित किया गया। हिंदी में पत्रकारिता को एक रोजगारपरख विषय के रूप में देखा जाता है। इस पुस्तक में दस प्रमुख साहित्यकारों की पत्रकारिता को उल्लेखित किया गया है। सर्वप्रथम भारतेंदु हरिश्चंद्र के पत्रकारिता का उल्लेख इस पुस्तक में तथ्यपरख रूप से किया गया है। जिन्होंने कविवचन, सुधा, बाल- बोधनी आदि पत्र- पत्रिकाओं का संपादन किया। पुस्तक में आचार्य शिवपूजन सहाय की पत्रकारिता पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया है। वे राजेन्द्र महाविद्यालय में 10 वर्षों तक हिंदी के प्राध्यापक थे। यहीं से वे बिहार हिंदी राष्ट्रभाषा परिषद के डायरेक्टर बन कर पटना गए। पुस्तक में ख्यातिलब्ध साहित्यकार महावीर प्रसाद, प्रेमचंद, माखनलाल चतुर्वेदी, निराला, रामवृक्ष बेनीपुरी, आदि की पत्रकारिता पर शोधपूर्ण दृष्टि से प्रकाश डाला गया है। इस पुस्तक के लेखक डॉ अशोक कुमार सिन्हा इसके पूर्व कई पत्र-पत्रिकाओं एवं पुस्तक का लेखन कर चुके हैं। वे जेपीविवि के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष एवं राजेन्द्र महाविद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य का पद सुशोभित कर चुके हैं।

0 Comments